हरियाणा: हवा बहुत प्रदूषित, जींद में भी प्राथमिक विद्यालय बंद, कल से तेज़ हवाएँ चलने से मिल सकती है राहत

हरियाणा में सोमवार को पराली जलाने के 65 मामले सामने आए। अब तक हरियाणा में पराली जलाने के 1569 मामले दर्ज हो चुके हैं। हरियाणा के फतेहाबाद, जींद, कैथल और अंबाला में सबसे ज्यादा पराली जलाई जा रही है। पंजाब में सोमवार को 2060 जगहों पर पराली जलाई गई। पंजाब में अब तक पराली जलाने के 19,463 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।
 
haryana school off

हरियाणा में वायु प्रदूषण की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उत्तर भारत में हरियाणा का फतेहाबाद सबसे प्रदूषित शहर दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी (421) से ज्यादा फतेहाबाद (422) का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) रिकॉर्ड किया गया है। राज्य के 14 शहर वायु प्रदूषण के गंभीर स्तर के चपेट में रहे। फरीदाबाद व सोनीपत का एक्यूआई 400 से पार रहा। प्रदूषण को देखते हुए गुरुग्राम, फरीदाबाद और झज्जर में प्राइमरी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। वहीं मंगलवार को जींद में भी प्राथमिक स्कूल बंद करने के आदेश जारी कर दिए गए। 

Join Telegram Group Join Now
WhatsApp Group Join Now

विशेषज्ञ बता रहे हैं किआठ नवंबर से लोगों को वायु प्रदूषण से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। हवा की गति करीब आठ से दस किलोमीटर प्रतिघंटा होने से प्रदूषण के कण घुल सकते हैं। हालांकि दिवाली के दौरान फिर से प्रदूषण बढ़ने के आसार हैं। फिलहाल अगले सात दिन बारिश की कोई संभावना नहीं है।

कुछ शहरों के हालात सुधरे

हालांकि पिछले दिनों के मुकाबले कुछ शहरों के एक्यूआई में गिरावट आई है। शनिवार को हिसार का एक्यूआई 425 दर्ज किया गया था, जो सोमवार को गिरकर 377 पहुंच गया। वहीं, कैथल का 415 था, जो सोमवार को 366 रिकॉर्ड किया गया। मगर इतने वायु प्रदूषण के गिरने से फिलहाल ज्यादा फायदा नहीं होगा। उधर, हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने प्रभावित शहरों के उपायुक्त व निगम कमिश्नर को ग्रेप चार के दिशा-निर्देशों को सख्ती से लागू करने के निर्देश जारी किए हैं।

 

प्रदूषित हवा में लंबे समय तक रहने से कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।
 


पंजाब यूनिवर्सिटी के इन्वायरमेंट स्टडीज की प्रोफेसर डा. सुमन मोर ने बताया कि प्रदूषण के लगातार संपर्क रहने से दो तरह के असर देखने को मिलते हैं। यदि कोई व्यक्ति लगातार कई साल तक वायु प्रदूषण की चपेट में है तो उसे ब्लड प्रेशर, ब्रेन स्ट्रोक, डायबिटीज, कैंसर व हृदय संबंधी बीमारियां होने का खतरा रहता है। इसमें यह भी देखा गया है कि महिलाओं की प्री मिच्योर डिलीवरी भी होती है। वहीं, अल्पकालीन संपर्क में आने पर व्यक्ति को आंखों में जलन, सिर में दर्द, जिन्हें सांस की बीमारियां हैं, उन्हें सांस लेने में दिक्कत में आ सकती है। कुछ एलर्जी के भी केस बढ़ सकते हैं।


 
डीसी निर्णय लेंगे वर्क फ्रॉम होम के लिए  


ग्रेप-4 लागू होने की स्थिति में स्कूल बंद करने और कर्मचारियों के वर्क फार होम करने का फैसला उपायुक्त स्वयं ले सकते हैं। हरियाणा के स्कूल शिक्षा निदेशालय ने एनसीआर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों के उपायुक्तों को पत्र जारी कर निर्देश दिये हैं कि वे अपने-अपने जिलों में प्रदूषण बढ़ने पर स्कूल खोलने या बंद करने का निर्णय स्वयं ले सकते है। अगर किसी  जिले के सरकारी और निजी स्कूल बंद किए जाते है तो उन स्कूलों की अध्यापकों द्वारा ऑनलाइन कक्षाएं ली जाएंगी। एक ही जिले में ग्रामीण और शहरी इलाकों के स्कूलों के लिए अलग-अलग फैसले हो  सकते हैं। केवल वहीं स्कूल बंद किये जायेंगे जहां वायु प्रदूषण अधिक होगा। जहां स्कूल बंद किये जायेंगे वहां विद्यार्थी ऑनलाइन पढ़ाई करेंगे। वहीं, कर्मचारियों के वर्क फार होम का फैसला भी डीसी ले सकते हैं।

Join Telegram Group Join Now
WhatsApp Group Join Now

 

पानी का छिड़काव करने के दिए आदेश


हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन पी राघवेन्द्र राव ने बताया कि हरियाणा के शहरों में प्रदूषण की सबसे बड़ी वजह धूल हैं। इससे निपटने के लिए प्रदूषण से प्रभावित शहरों के उपायुक्त व निगम कमिश्नरों को तत्काल कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। सड़कों पर पानी का छिड़काव और टूटी सड़कों के तत्काल मरम्मत करने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके साथ अन्य कदम उठाए जाने के विस्तृत आदेश सभी उपायुक्तों को भेजे जा चुके हैं। इस संबंध में मंगलवार को शाम को एक बैठक भी रखी गई है, जिसमें सभी जिलों के उपायुक्त वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे।

कहां कितना रहा एक्यूआई
फतेहाबाद          422
फरीदाबाद          412
सोनीपत            417
बल्लभरगढ़         320
भिवानी             335
धारूखेड़ा          334
गुरुग्राम            373
हिसार             377
जींद               381
कैथल             366
मानेसर            320
नारनौल           341
रोहतक           334
सिरसा             306